रायपुर: अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए संजीवनी : 134 प्रकार की जांच निःशुल्क
Narayan Singh Jigyasu
रायपुर। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अटल आरोग्य लैब की सुविधा आम मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अब जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों के चक्कर लगाने और जांच पर खर्च होने वाली राशि की चिंता कम हुई है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से करीब 134 प्रकार की विभिन्न चिकित्सा जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, जांच रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा से मरीजों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
रायगढ़ निवासी अमन नायक ने अटल आरोग्य लैब की सुविधा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि बुखार की शिकायत के बाद वे जिला अस्पताल में रक्त जांच कराने पहुंचे। यहां उन्हें अटल आरोग्य लैब के माध्यम से आवश्यक जांच की सुविधा निःशुल्क मिली। उन्होंने बताया कि लैब में विभिन्न प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं और रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा भी दी जा रही है।
निःशुल्क जांच से निजी पैथोलॉजी का खर्च हुआ कम
अमन नायक ने बताया कि पहले जांच कराने के लिए निजी संस्थानों का सहारा लेना पड़ता था, जहां जांच पर काफी राशि खर्च होती थी और रिपोर्ट के लिए भी इंतजार करना पड़ता था। अब सरकारी अस्पताल में ही आवश्यक जांच की सुविधा मिलने से आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि अटल आरोग्य लैब से जांच प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और सुविधाजनक हुई है।
उन्होंने लैब के स्टाफ और चिकित्सकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में जांच से लेकर उपचार तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को निजी संस्थानों में जाने की जरूरत कम हो रही है। अमन नायक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अटल आरोग्य लैब की पहल को आम लोगों के लिए उपयोगी बताया।