मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 |
Advertisement

आज रायपुर आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल, महिलाओं को देंगे महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त

ABB News Live

2 hours ago 19 views
आज रायपुर आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल, महिलाओं को देंगे महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त

रायपुर :- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाह निजी अस्पताल के लोकार्पण के साथ ही नवा रायपुर स्थित विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए भी बड़ी सौगात होगी। अमित शाह राज्योत्सव के मंच से महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।

दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली स्थित अपने आवास 6A, कृष्णा मेनन मार्ग से रवाना होंगे. दोपहर 1:15 बजे वे पालम एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे और 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे। उनका दोपहर 3:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है. एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल पहुंचेंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पीपल वन और विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे लोकार्पण

अस्पताल कार्यक्रम के बाद अमित शाह शाम 5:05 बजे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे पहुंचने के बाद 5:35 से 5:45 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद शाम 5:50 बजे वे राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे।

राज्योत्सव के समापन समारोह में जारी करेंगे महतारी वंदन की किस्त

अमित शाह शाम 5:55 बजे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त का जारी होना होगा। इसके जरिए प्रदेश की लाखों पात्र महिलाओं के खातों में योजना की राशि अंतरित की जाएगी। दिवाली से पहले महिलाओं को मिलने वाली यह राशि उनके लिए बड़ी राहत और सौगात मानी जा रही है।

रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना

राज्योत्सव के समापन समारोह के बाद अमित शाह रात 8 बजे सड़क मार्ग से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे.रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने और 8:20 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने का कार्यक्रम निर्धारित है.कुल मिलाकर केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, राज्योत्सव के समापन और महतारी वंदन योजना की किस्त जारी करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

288
पेज 1 / 48