गुरूवार, 10 सितम्बर 2026 |
Advertisement

11 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे शिवराज सिंह चौहान : PM आवास के लाभार्थियों को मिलेगी बड़ी सौगात

N

Narayan Singh Jigyasu

3 hours ago 14 views
PM आवास के लाभार्थियों को मिलेगी बड़ी सौगात

सक्ती में PM आवास योजना के गृह प्रवेश कार्यक्रम में होंगे शामिल

केंद्रीय मंत्री सौंपेंगे घर की चाबी

20 लाख से ज्यादा परिवारों के अपने घर का सपना हुआ साकार

रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे सक्ती जिले के जेठा में आयोजित ग्रामीण विकास विभाग के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के मंत्रीगण और पंचायत पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 12 बजे सक्ती जिले के जेठा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान योजना से जुड़े लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी जाएगी। इसके साथ ही श्री शिवराज सिंह चौहान पंचायत पदाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होंगे। सम्मेलन में ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों और पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा होगी।

आवास योजना के तहत 20.53 लाख से ज्यादा घर पूरे

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ में पिछले एक दशक में बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया गया है। वर्ष 2014-15 से अब तक 25,13,351 आवासों का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 24,53,466 आवासों को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें 20,53,927 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। योजना के तहत आवास निर्माण पर अब तक केंद्र सरकार की ओर से 16,853.73 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं केंद्र और राज्य, दोनों की हिस्सेदारी को मिलाकर योजना पर कुल 25,504.76 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

नए वित्त वर्ष में 3.65 लाख परिवारों के लिए पक्के घर का लक्ष्य

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक और बड़ी पहल की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में 3,65,179 नए आवासों का लक्ष्य प्रदेश को दिया गया है। इन आवासों का निर्माण आवास+ 2024 सर्वेक्षण सूची में शामिल पात्र परिवारों के लिए किया जाएगा। इन नए घरों के निर्माण पर करीब 4,382.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए आवासों के लक्ष्य से ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के घर का इंतजार कर रहे परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत चल रहे आवास निर्माण अभियान को भी आगे गति मिलेगी।

लखपति दीदी सम्मेलन में महिलाओं से करेंगे सीधा संवाद

केंदीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने दौरे के दौरान लखपति दीदी सम्मेलन में भी शामिल होंगे। यहां वे महिला हितग्राहियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से जुड़े विषय प्रमुख रहेंगे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

57
पेज 5 / 10