सोमवार, 2 नवम्बर 2026 |
Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि : रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का 3 नवंबर को भव्य समापन

N

Narayan Singh Jigyasu

2 hours ago 9 views
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का 3 नवंबर को भव्य समापन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होगा समापन समारोह, राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं

पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति और प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों से सजेगी राज्योत्सव की अंतिम शाम

शिल्पग्राम में पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन और नाट्य प्रस्तुतियों सहित दस सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र

रायपुर, 2 नवंबरl छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, समृद्ध लोकपरंपराओं और कला-संगीत के विविध रंगों से सजे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्योत्सव के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं, शास्त्रीय नृत्य, आदिवासी संस्कृति और बॉलीवुड संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

राज्योत्सव के समापन दिवस पर मुख्य मंच के साथ ही शिल्पग्राम में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री सुश्री उषा बारले की मनमोहक प्रस्तुति और बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक श्री अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों से राज्योत्सव की अंतिम शाम यादगार बनेगी। वहीं शिल्पग्राम में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और लोकजीवन की जीवंत झलक प्रस्तुत करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री के मुख्य आतिथ्य में होगा राज्य अलंकरण समारोह

राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को आयोजित समापन समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रदेश की विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

राज्य अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की उन प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिन्होंने अपनी साधना, परिश्रम, सृजनशीलता और उत्कृष्ट कार्यों से प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह सम्मान कला, संस्कृति, साहित्य और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाली प्रतिभाओं के योगदान को रेखांकित करने के साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा भी प्रदान करेगा।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

293
पेज 2 / 49