शुक्रवार, 11 सितम्बर 2026 |
Advertisement

अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश : रायपुर : प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने ली जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक

N

Narayan Singh Jigyasu

3 hours ago 15 views
रायपुर : प्रभारी मंत्री  दयाल दास बघेल ने ली जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी निर्माण एजेंसियों को अधोसंरचना विकास के लिए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, आरईएस और अन्य निर्माण एजेंसियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने पर ठेकेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया और अधोसंरचना विकास के लिए समय-सीमा तय की जाती है। यदि समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण नहीं होता तो, संबंधित एजेंसी ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। वीबी रामजी योजना के अंतर्गत पीडीएस एवं आजीविका डबरी के लिए कार्ययोजना तैयार कर अधिक से अधिक पात्र प्रकरणों को स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिहान अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों के लिए शिविर आयोजित कर उन्हें बैंक ऋण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों में बैंकर्स की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा पात्र समूहों के ऋण प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जाए।

खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने शेष राशन कार्डों की ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न का समय पर भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एंटी-वेनम एवं रेबीज से संबंधित वैक्सीन, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने जिले में टीबी एवं मलेरिया उन्मूलन के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा मैदानी स्तर पर निगरानी और जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए। मेडिकल स्टोर्स में नशीली दवाइयों के अवैध विक्रय एवं दुरुपयोग के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का सतत निरीक्षण करने तथा बच्चों एवं हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही राजस्व, पशुपालन, कृषि, शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की भी विभागवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

शेयर करें

जरूरी खबरें