रविवार, 1 नवम्बर 2026 |
Advertisement

प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं : रायपुर : प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को लिखा आत्मीय पत्र

N

Narayan Singh Jigyasu

5 hours ago 17 views
रायपुर : प्रधानमंत्री  ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को लिखा आत्मीय पत्र

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन से अपने गहरे जुड़ाव को किया याद, सरगुजा से बस्तर तक की यात्राओं के अनुभव किए साझा

नक्सलवाद के निर्णायक खात्मे से छत्तीसगढ़ में शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण : प्रधानमंत्री श्री मोदी

डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव

छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति दे रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार

'अंजोर विजन' विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को दे रहा नई दिशा : प्रधानमंत्री

रायपुर ,01 नवंबरl प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेश के सभी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ से अपने दशकों पुराने आत्मीय संबंधों, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता तथा विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हो रहे व्यापक बदलावों का विशेष उल्लेख किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में साकार हुई छत्तीसगढ़ की आकांक्षाएं

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने पत्र में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि 26 वर्ष पूर्व उनके दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस ऐतिहासिक निर्णय ने लाखों नागरिकों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को साकार किया और प्रदेश के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के दिनों से ही छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। अविभाजित मध्य प्रदेश के समय से उन्हें अनेक बार यहां आने का अवसर मिला। सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर की पावन धरती तक की यात्राओं में उन्होंने छत्तीसगढ़िया संस्कृति और जनजीवन को निकट से जाना और समझा है।

उन्होंने उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ की सरलता, सहजता, परिश्रमशीलता और जीवंत सांस्कृतिक परंपराएं उन्हें सदैव प्रेरणा देती रही हैं। प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर अपने प्रदेश प्रवास और नए विधानसभा भवन के लोकार्पण का भी स्मरण किया।

नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर अब बन रहे शांति और विकास के नए केंद्र

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता को प्रदेश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण परिवर्तन बताया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक जो क्षेत्र नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाते थे, वे आज शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक रहा, लेकिन आज इसे निर्णायक रूप से समाप्त करने में सफलता मिली है। इससे प्रदेश में विकास का नया वातावरण बना है तथा कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिली है। उन्होंने बस्तर में आए ऐतिहासिक बदलाव का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर को माओवादी आतंक से मुक्त कराने का संकल्प पूरा हुआ है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस परिवर्तन के प्रतीक बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों से स्थानीय नागरिक बुनियादी सुविधाओं और विकास के नए अवसरों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बस्तर के शांति, सुशासन और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ने पर गर्व व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी के विस्तार को विकास की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने स्मरण किया कि 25 वर्ष पहले दिल्ली और रायपुर के बीच दिनभर में केवल एक उड़ान उपलब्ध हुआ करती थी, जबकि आज प्रदेश में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के विस्तार से रायपुर और बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों को जोड़ने वाले निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे आने वाले समय में राज्य की कनेक्टिविटी, उद्योग और रोजगार के अवसरों को नई गति देंगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

289
पेज 8 / 49