रविवार, 1 नवम्बर 2026 |
Advertisement

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की घोषणा : रायपुर : राज्योत्सव 2026:36 विभूतियों को मिलेगा प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान

N

Narayan Singh Jigyasu

5 hours ago 22 views
रायपुर : राज्योत्सव 2026:36 विभूतियों को मिलेगा प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान

राज्य की कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का होगा सम्मान

राज्य अलंकरण प्रदेश की प्रतिभाओं, विशिष्ट उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान का सम्मान

रायपुर, 01 नवंबरl छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, लोककला और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं के लिए 36 श्रेणियों में राज्य अलंकरण सम्मान घोषित किए गए।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण सम्मान छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं, उनकी विशिष्ट उपलब्धियों तथा समाज और राज्य के विकास में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य, लोकपरंपराओं और सामाजिक मूल्यों को सहेजने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह सम्मान महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, साहित्यिक परंपराओं और प्रतिभाशाली नागरिकों से है। राज्य अलंकरण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के योगदान को सम्मानित किया जाता है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।

आदिवासी उत्थान, सामाजिक चेतना और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का सम्मान

राज्य अलंकरण की घोषित सूची के अनुसार आदिवासी सामाजिक चेतना तथा उनके उत्थान के क्षेत्र में शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान से धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को सम्मानित किया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान दुर्ग जिले के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी जिला दुर्ग को प्रदान किया जाएगा।

महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए मिनीमाता सम्मान (महिला उत्थान) गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान (सुश्री लता नेताम) को दिया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं दलित उत्थान के लिए गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान कबीरधाम जिले के सुखचंद भास्कर को प्रदान किया जाएगा।

सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार धनसिंह बघेल, प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट जिला बस्तर को प्रदान किया जाएगा। सामाजिक समरसता के क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ जिले के बाबूलाल अग्रवाल को दिया जाएगा। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के क्षेत्र में पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, नेहरू नगर, जिला बिलासपुर को दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और लोककलाओं को समर्पित प्रतिभाओं का होगा सम्मान

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले साहित्यकारों और कलाकारों को भी राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। समकालीन रंगकर्म, छत्तीसगढ़ी, हिन्दी एवं अन्य भाषाओं के नाटक के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को प्रदान किया जाएगा। हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को दिया जाएगा।

शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में चक्रधर सम्मान रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को तथा लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के क्षेत्र में दाऊ मंदराजी सम्मान रायपुर की श्रीमती रेखा जलक्षत्री को प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोकगीत के क्षेत्र में लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दुर्ग जिले की साधना यादव को मिलेगा। पंथी नृत्य के क्षेत्र में देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रायपुर जिले के सी.एल. रात्रे को प्रदान किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में खुमान साव सम्मान रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को दिया जाएगा। आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के क्षेत्र में लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग जिले के दुर्गा प्रसाद पारकर को प्रदान किया जाएगा। सामाजिक समानता और साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में संत रविदास सम्मान बालोद जिले के जगदीश प्रसाद देशमुख को दिया जाएगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को मिलेगा सम्मान

राज्य अलंकरण के अंतर्गत पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। हिन्दी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिन्दी) के क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के वरुण सखाजी एवं रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से दिया जाएगा।

अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के शिशिर राय चौधरी को प्रदान किया जाएगा। रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को प्रदान किया जाएगा।

खेल, कृषि, चिकित्सा और मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगी पहचान

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को गुण्डाधूर सम्मान और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। गुण्डाधूर सम्मान कोरबा जिले की सुश्री संजू देवी को तथा महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान बालोद जिले के टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम जिले के पुन्नी दास भट्ट को प्रदान किया जाएगा।

आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा तथा शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में धन्वन्तरि सम्मान धमतरी जिले के डॉ. दिनेश कुमार नाग को दिया जाएगा। मत्स्य पालन के क्षेत्र में श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद जिले के श्री प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।

संस्कृत भाषा, आदिवासी सेवा और श्रम क्षेत्र में भी सम्मान

संस्कृत भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान रायपुर जिले के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को प्रदान किया जाएगा। आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के क्षेत्र में डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल, सी. श्रीनिवास को प्रदान किया जाएगा।

श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अंतरयामी सामल, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह जिला बलौदाबाजार को दिया जाएगा।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

289
पेज 9 / 49