मंगलवार, 22 सितम्बर 2026 |
Advertisement

भारी मात्रा में गांजा, चरस, कोकीन सहित 15 गिरफ्तार : डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: कई जगहों से कुल 845 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त

N

Narayan Singh Jigyasu

1 hour ago 7 views
डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: कई जगहों से कुल 845 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त

नई दिल्ली। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई करते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देश भर में कई खुफिया अभियानों के माध्यम से मादक पदार्थों और मनोरोगी पदार्थों की महत्वपूर्ण खेप जब्त की। गांजा, चरस और एंफैटेमिन समेत कुल 845 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए और मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

चरस और गांजा की जब्ती

नेपाल से चरस/ हशीश की तस्करी के संबंध में मिली विशेष सूचना के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जन नायक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही दो महिला यात्रियों को रोका। उनकी तलाशी लेने पर लगभग 6 किलोग्राम चरस/ हशीश बरामद हुई, जिसे उन्होंने अपनी जांघों के चारों ओर लपेटकर घुटनों के नीचे तक और अपनी साड़ियों के अंदर छिपा रखा था। प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया गया और दोनों यात्रियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।

इसके साथ ही, डीआरआई अधिकारियों ने दो महत्वपूर्ण अभियानों में लगभग 801 किलोग्राम भांग भी जब्त किया। 17.09.2026 को, खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने बोधगया के जिंदापुर टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर ट्रक को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर लगभग 752.3 किलोग्राम गांजा/ भांग बरामद हुआ, जिसे 737 पैकेटों में भरकर चावल की भूसी में छिपाया गया था। जब्त की गई भांग, वाहन और चावल की भूसी को जब्त किया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीआरआई ने गरियाबंद वन विभाग के सहयोग से ओडिशा के मेंत्री गांव में दो लोगों को रोका, जो कथित तौर पर मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे। तलाशी के दौरान, 3 बोरियों में 25 पैकेटों में पैक किया हुआ लगभग 48.5 किलोग्राम गांजा और आने-जाने के लिए इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद किया गया। प्रतिबंधित पदार्थ और वाहन जब्त कर लिए गए और दोनों लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, डीआरआई की ओर से साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर, मुंबई और बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड और वियतनाम से आने वाले चार यात्रियों से लगभग 28 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा/ हाइड्रोपोनिक भांग जब्त किया। यह प्रतिबंधित सामग्री एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त की गई और चारों यात्रियों को गिरफ्तार किया गया।

कोकीन को सील किया गया

नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर 15 सितंबर 2026 को एक अन्य महत्वपूर्ण खुफिया अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने दुबई से दोहा होते हुए आ रहे एक भारतीय यात्री को रोका। उसके चेक-इन बैगेज की विस्तृत जांच में नौ पैकेटों में पैक किया हुआ लगभग 5.8 किलोग्राम सफेद रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसकी फील्ड जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। प्रतिबंधित पदार्थ को जब्त कर लिया गया और यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

38
पेज 2 / 7