ED का बड़ा एक्शन, कैश सिंडिकेट की जांच तेज : CGPSC भर्ती घोटाला: करीब 30 लोगों को नोटिस
Narayan Singh Jigyasu
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कस दिया है। कथित कैश फॉर जॉब सिंडिकेट का पता लगाने के लिए ED ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
जांच एजेंसी ने विवादित अभ्यर्थियों, एक एनजीओ, एक बड़ी कंपनी और रिसॉर्ट संचालकों समेत करीब 30 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है ।
जमानत पर बाहर आरोपियों को भी समन
ED ने इस घोटाले में जमानत पर बाहर आए तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर, टामन सोनवानी के भतीजे साहिल सोनवानी, नितेश सोनवानी, शशांक गोयल और उनकी पत्नी भूमिका कटियार समेत अन्य आरोपितों को भी दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया है।
नौकरी दिलाने के नाम पर 3 करोड़ से ज्यादा की वसूली
जांच में खुलासा हुआ है कि कोचिंग संचालक उत्कर्ष चंद्राकर ने मेडिकल ऑफिसर डॉ. विकास चंद्राकर के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी दिलाने का नेटवर्क बनाया था। युवाओं को प्री परीक्षा से लेकर इंटरव्यू तक पास कराने की गारंटी दी जाती थी, जिसके एवज में प्रत्येक अभ्यर्थी से तीन करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली गई।