बुधवार, 4 नवम्बर 2026 |
Advertisement

महादेव सट्टा एप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, CBI को मिली 8 दिन की रिमांड; CM साय बोले- दोषियों को मिलेगी सजा

ABB News Live

2 hours ago 13 views
महादेव सट्टा एप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, CBI को मिली 8 दिन की रिमांड; CM साय बोले- दोषियों को मिलेगी सजा

रायपुर :- महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। इस कार्रवाई पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CBI और केंद्रीय जांच एजेंसियों का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में बैठे आरोपी को भारत लाया गया है और अब CBI उससे पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद महादेव सट्टा एप से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महादेव सट्टा एप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर विदेश में था, जिसे भारत लाने में CBI और केंद्रीय एजेंसियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब जांच एजेंसी उससे पूछताछ करेगी और इस पूरे मामले में शामिल दोषियों को दंडित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद महादेव सट्टा एप मामले में आगे होने वाली जांच और कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

इधर, बुधवार को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। CBI ने आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से 10 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत ने CBI को 8 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। अब सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

अदालत ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए CBI को सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति भी दे दी है। अब उससे रायपुर के बजाय दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। इसके साथ ही अदालत ने आरोपी को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

वहीं, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सक्रिय है। ED ने सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन लगाया है। ऐसे में CBI की पूछताछ पूरी होने के बाद ED भी आरोपी से पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी मांग सकती है। इससे महादेव ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की जांच में आगे महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।

गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची थी। दिल्ली की अदालत ने उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी। अब जांच एजेंसी उससे कथित सट्टा नेटवर्क, एप के संचालन और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर विस्तार से पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसियों की नजर अब इस बात पर है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान महादेव सट्टा एप के संचालन में शामिल अन्य लोगों, कथित नेटवर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े कौन-कौन से राज सामने आते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उम्मीद जताई है कि इस पूछताछ से पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब 12 नवंबर को होने वाली पेशी और CBI की पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

शेयर करें

संबंधित खबरें

16
पेज 2 / 3