100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान : देशभर के 1,000 से अधिक स्थानों पर 4 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया
Narayan Singh Jigyasu
राष्ट्रीय संकल्प समारोह
नई दिल्ली। विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा – 100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान के तहत राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन देशभर में 1,000 से अधिक स्थानों पर किया गया, जिसमें 4 लाख से अधिक युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। इस देशव्यापी जनभागीदारी में युवाओं, साझेदार संगठनों और समुदायों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का आयोजन 460 माई भारत जिलों, माई भारत के साझेदार संगठनों के 240 स्थानों तथा आध्यात्मिक संगठनों, उद्योग संघों और विश्वविद्यालय संघों द्वारा 300 से अधिक स्थानों पर किया गया, जिससे युवाओं और नागरिकों को नशा मुक्त युवा आंदोलन में भाग लेने के लिए एक व्यापक मंच मिला।
नशा मुक्ति की शपथ ली
राष्ट्रीय संकल्प समारोह सामूहिक संकल्प और युवाओं के नेतृत्व में भागीदारी की भावना पर केंद्रित था, जिसमें प्रतिभागियों ने नशा मुक्त शपथ और हस्ताक्षर अभियान के लिए एकजुट होकर भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं के नेतृत्व में चर्चाओं, जागरूकता गतिविधियों और अन्य स्थानीय पहलों सहित रचनात्मक एवं सहभागिता गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिससे नशा मुक्त जीवनशैली का संदेश समुदायों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
इस देशव्यापी जनभागीदारी से विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान में युवाओं और साझेदार संगठनों की बढ़ती भागीदारी परिलक्षित होती है, जिसका उद्देश्य जागरूकता, रोकथाम, स्वस्थ विकल्पों और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देना है। संस्थानों, संगठनों और समुदायों को एक साथ लाकर, संकल्प समारोह ने युवाओं के बीच सूचित विकल्पों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को और सुदृढ़ करने के लिए एक साझा मंच प्रदान किया।
यह कार्यक्रम 100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान का हिस्सा है, जिसे रोकथाम, जागरूकता, स्वास्थ्य, फिटनेस और जीवन कौशल पर केंद्रित एक सतत् युवा आंदोलन के रूप में परिकल्पित किया गया है। गतिविधियों का प्रारंभिक चक्र तीन विषयों—मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव; फिट युवा, नशा मुक्त युवा; और जीवन कौशल माह—पर आधारित है, जिसके माध्यम से समुदाय-आधारित और युवा-केंद्रित गतिविधियों के जरिए युवाओं की भागीदारी को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।