बुधवार, 4 नवम्बर 2026 |
Advertisement

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी, 67.40 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 632.63 करोड़ रुपये

ABB News Live

4 hours ago 24 views
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी, 67.40 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 632.63 करोड़ रुपये

रायपुर :- छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत 33वीं किस्त जारी कर दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में योजना की राशि हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। इस किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है। दीपावली से पहले आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को लाभ मिला है। इसके अलावा नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्रों की 6 हजार 908 महिलाओं को भी योजना की राशि प्रदान की गई है। इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उनकी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायता करना और परिवार के आर्थिक निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। योजना के माध्यम से प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार के अनुसार, अब तक योजना के तहत 33 किस्तों के माध्यम से कुल 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। लगातार मिल रही इस सहायता से महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों में आर्थिक योगदान दे पा रही हैं।

योजना का असर केवल महिलाओं और उनके परिवारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका लाभ स्थानीय बाजार और व्यापारियों को भी मिल रहा है। आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं की खरीदारी क्षमता में बढ़ोतरी हुई है। त्योहारों और विशेष अवसरों पर कपड़े, घरेलू सामान, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। इससे बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से घर के मुखिया पर आर्थिक दबाव कम करने में भी मदद मिल रही है।

महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं। सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें परिवार तथा समाज में आर्थिक रूप से अधिक मजबूत भूमिका प्रदान करना है। दीपावली से पहले 33वीं किस्त जारी होने से प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहार की तैयारियों में भी आर्थिक सहारा मिला है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

40
पेज 6 / 7