मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 |
Advertisement

रायपुर पहुंचे अमित शाह, राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में होंगे शामिल, महतारी वंदन की 33वीं किस्त करेंगे जारी

ABB News Live

3 hours ago 22 views
रायपुर पहुंचे अमित शाह, राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में होंगे शामिल, महतारी वंदन की 33वीं किस्त करेंगे जारी

रायपुर :- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। अमित शाह अपने इस प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर और नया रायपुर में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे पंडरी स्थित निजी अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। वहीं शाम को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की लाखों महिलाओं को लाभान्वित करने वाली महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी करेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनका स्वागत करते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका आगमन प्रदेशवासियों के लिए हर्ष का विषय है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि छत्तीसगढ़ के प्रति अमित शाह का आत्मीय स्नेह सभी के लिए शक्ति और विश्वास का संबल है। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं सतत सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की इस पुण्य धरा पर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से उनका हृदय से अभिनंदन किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली स्थित 6ए, कृष्णा मेनन मार्ग से रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे पालम एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचे। यहां से दोपहर 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरी और दोपहर 3:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से पंडरी स्थित मंडी रोड के निजी अस्पताल पहुंचे, जहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाम 5:05 बजे वे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे पहुंचने के बाद 5:35 से 5:45 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात शाम 5:50 बजे राज्योत्सव मैदान के लिए प्रस्थान कर 5:55 बजे पहुंचेंगे।

राज्योत्सव मैदान में शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की जाएगी। राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति को लेकर प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात 8 बजे केंद्रीय गृहमंत्री सड़क मार्ग से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने और रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

38
पेज 4 / 7