गुरूवार, 12 नवम्बर 2026 |
Advertisement

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का जलवा, बिल्हा देश में नंबर-1; बिलासपुर और रायपुर को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

ABB News Live

2 hours ago 30 views
स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का जलवा, बिल्हा देश में नंबर-1; बिलासपुर और रायपुर को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर :- छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। इसके अलावा रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौर एवं आयुक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए।

छोटे शहर बिल्हा ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान

इस सर्वेक्षण में नगर पंचायत बिल्हा की उपलब्धि खास रही। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, बिलासपुर ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया। रायपुर नगर निगम को राज्य स्तर पर स्वच्छता में प्रथम पुरस्कार मिला।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे बदलाव और स्वच्छता के प्रति लोगों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में पहला स्थान हासिल करना और बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।

अरुण साव ने बताया सामूहिक प्रयासों का परिणाम

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बताती है कि बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

306
पेज 22 / 51