शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 |
Advertisement

19,000 करोड़ रुपये की राशि वाली पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी करेंगे : प्रधानमंत्री 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात का दौरा करेंगे

N

Narayan Singh Jigyasu

1 day ago 92 views
प्रधानमंत्री 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात का दौरा करेंगे

नई दिल्ली l प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा में 30 अक्टूबर को सुबह करीब साढ़े 9 बजे एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ईटी-आईवीएफ) प्रयोगशाला और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीआरसी) मवेशी फार्म का दौरा करेंगे। सुबह करीब 10:30 बजे वह बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वह पीएम-किसान योजना के तहत 19,000 करोड़ रुपये की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे, दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।

इसके बाद, प्रधानमंत्री केवड़िया में एकता नगर जाएंगे। शाम करीब 5 बजे वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 7:45 बजे वे एकता प्रकाश पर्व उत्सव में शामिल होंगे और उसके बाद रात करीब 8:15 बजे नर्मदा आरती करेंगे।

प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे वे एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह एकता नगर में वर्षा वन और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे।

बनासकांठा में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री गुजरात में बनासकांठा के भीलडी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीआरसी) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 127 एकड़ में फैले इस संस्थान को अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। बीआरसी गोजातीय प्रजनन, आनुवंशिक उन्नयन और उन्नत प्रजनन प्रौद्योगिकियों को मजबूत करेगा, जिससे नस्ल में सुधार में 10-20 गुना तेजी आएगी। यह कांकरेज मवेशी नस्ल को समर्पित अपनी तरह की देश का पहला सुविधा केंद्र होगा।

प्रधानमंत्री थराद और राधनपुर में बनास डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखेंगे, जिनकी मवेशियों के गोबर प्रसंस्करण क्षमता क्रमशः 75 मीट्रिक टन प्रति दिन और 100 मीट्रिक टन प्रति दिन है।

प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो फेज-2ए (हवाई अड्डा विस्तार) और फेज-2बी (गिफ्ट सिटी विस्तार) की आधारशिला रखेंगे। फेज-2ए की लंबाई 6 किमी से अधिक होगी, जिसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन शामिल होंगे, जबकि फेज-2बी की लंबाई 3.3 किमी से अधिक होगी, जिसमें गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा सड़क (राज्य राजमार्ग-41) को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड और मजबूत करने की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच यात्रा को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाएगी।

एकता नगर में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। भारत की सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्रीय एकता के उत्सव के रूप में परिकल्पित और एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के प्रतीक के रूप में यह महोत्सव राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोक प्रदर्शनों, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटक आकर्षणों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। इस महोत्सव से एकता नगर और आसपास की जगहों पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है उनमें एक सीवेज और जल उपचार संयंत्र, अग्रभाग की रोशनी, नर्मदा घाट का उन्नयन, एक आईआरसीटीसी होटल और एकता नगर में वर्षावन, एकता और इको ट्रेल शामिल हैं। प्रधानमंत्री गोरा-भंडारा सड़क विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे जिसमें एकीकृत शून्य अपशिष्ट स्मार्ट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना; खलवानी इको पर्यटन विकास; कैक्टस और बटरफ्लाई गार्डन में एकीकृत विकास शामिल हैं। प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगेl

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

98
पेज 11 / 17