CM विष्णुदेव साय का राहुल गांधी और कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- अब उनकी बातों में कोई दम नहीं, विपक्ष मुद्दाविहीन
ABB News Live
रायपुर :- छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के बयान को लेकर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। कांग्रेस और पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। जब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की बातें करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास करता है।
राहुल गांधी के बयान पर CM साय का पलटवार
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों द्वारा प्रधानमंत्री बनाए जाने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। सीएम साय ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। कांग्रेस के पास जब कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की फिजूल की बातें करके देश की जनता को भड़काने का प्रयास करती है। लेकिन देश की जनता सब जानती है और अब ऐसी बातों में आने वाली नहीं है।
अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।
दिल्ली दौरे पर CM साय ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों को लेकर चर्चा हुई।सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा से पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
खैरा गांव बना सौर ऊर्जा का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। यह गांव स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।
ग्रीन एनर्जी में 1.33 लाख करोड़ के निवेश की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश की संभावनाएं हैं। प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए करीब 1.33 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई गई है। वहीं, अगले पांच वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देकर प्रदेश के विकास और ऊर्जा क्षमता के विस्तार की दिशा में काम कर रही है। कुल मिलाकर अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस बयान से प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी के बयान से लेकर नक्सलवाद और ऊर्जा निवेश तक, मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्ष पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।