शनिवार, 7 नवम्बर 2026 |
Advertisement

नक्सलमुक्त बस्तर में पहली बार कई गांवों में मनेगी दिवाली, विजय शर्मा बोले- अब डर और दहशत का माहौल नहीं

ABB News Live

37 minutes ago 10 views
नक्सलमुक्त बस्तर में पहली बार कई गांवों में मनेगी दिवाली, विजय शर्मा बोले- अब डर और दहशत का माहौल नहीं

रायपुर :- छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद इस बार कई गांवों में पहली बार दिवाली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया जाएगा। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलमुक्त होने के बाद बस्तर में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। ग्रामीणों में अब उत्साह और उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि अब ऐसी स्थिति नहीं है कि शिक्षा दूतों की हत्या कर दी जाएगी या जन अदालत लगाकर लोगों को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। नक्सलमुक्त बस्तर के सभी लोगों को उन्होंने दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।

नक्सलवाद पूरी तरह खत्म नहीं होने के पीसीसी चीफ दीपक बैज के बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब निकालना चाहिए और देखना चाहिए कि उनकी सरकारों ने नक्सलवाद के खिलाफ क्या किया। उन्होंने झीरम कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पहले उन्हें इन बातों को समझना चाहिए, उसके बाद उनसे चर्चा करनी चाहिए।

**SIR के विरोध पर कांग्रेस को घेरा**

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं और SIR की प्रक्रिया 2025 में शुरू हुई है। इसमें वोट चोरी जैसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि मृतकों और दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। साथ ही मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम होने की आशंका भी जताई। शर्मा ने कहा कि भाजपा आंकड़ों के साथ अपनी बात रख रही है, ताकि जनता के मन में कोई भ्रम न रहे। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ के सहारे भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि वह इस मुद्दे पर एक-एक बिंदु पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।

**राहुल गांधी की डिबेट चुनौती पर भी दिया जवाब**

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की डिबेट की चुनौती पर विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री से जो भी बात करनी है, उसके लिए संसद मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में चर्चा के दौरान राहुल गांधी भाग जाते हैं। शर्मा ने विधानसभा में नक्सलवाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर चर्चा का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में फैसले सड़क पर नहीं, बल्कि चुनाव के माध्यम से होते हैं। रिजीम चेंज सड़कों से नहीं, चुनाव से होता है।

**बीजेपी के पोस्टर पर चीन का मुद्दा उठाया**

राहुल गांधी को लेकर बीजेपी के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने राजीव गांधी फाउंडेशन में चीन से फंडिंग को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी चीन जाकर कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से क्यों मिलते हैं। शर्मा ने कहा कि दूसरे देशों में जाकर अपने देश को बदनाम करने का काम नहीं करना चाहिए।

**SIR पर एटम बम वाले बयान पर कसा तंज**

राहुल गांधी के SIR पर एटम बम फोड़ने वाले बयान पर विजय शर्मा ने कहा कि उनसे किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को ठीक करने के लिए ही SIR की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। शर्मा के मुताबिक, इससे पहले भी 10 बार SIR हो चुका है और यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर BLO से बातचीत की गई है और सभी नामों की जांच की जा रही है। यदि कहीं गलती हुई है तो उसे सुधारा जा सकता है। नाम जुड़वाने की प्रक्रिया भी कभी की जा सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लाखों लोगों ने एक साथ गलती की है और क्या सभी लोग किसी राजनीतिक मानसिकता से काम कर रहे थे?

**नितिन नबीन के दौरे पर कांग्रेस को दी नसीहत**

बीजेपी नेता नितिन नबीन के दौरे को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर भी विजय शर्मा ने जवाब दिया। उन्होंने प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं और अब उसी को लेकर अलग-अलग बातें कही जा रही हैं। शर्मा ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी को गंभीरता से राजनीति करनी चाहिए और अपनी पार्टी के लिए जो अच्छा हो सकता है, उस पर काम करना चाहिए।

शेयर करें

संबंधित खबरें

45
पेज 1 / 8