बुधवार, 11 नवम्बर 2026 |
Advertisement

NIT रायपुर में 88.76 करोड़ की लागत से बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, CM विष्णुदेव साय ने रखी आधारशिला

ABB News Live

56 minutes ago 12 views
NIT रायपुर में 88.76 करोड़ की लागत से बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, CM विष्णुदेव साय ने रखी आधारशिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी।

इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से युवाओं को अपने नए विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें सफल स्टार्टअप में बदलने का अवसर मिलेगा। परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की ओर से 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलेगा नवाचार का अवसर

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन देने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर न जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और रोजगार के अवसर पैदा करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति, तकनीक और नवाचार की अहम भूमिका होगी।

रामदेव अग्रवाल की पहल की CM ने की सराहना

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उद्यमी रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर अपने परिश्रम और दूरदर्शिता से देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में पहचान बनाई है। अब वे अपनी सफलता का लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी माता मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर रामदेव अग्रवाल ने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में विद्यादान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और यह पहल उसी परंपरा को आगे बढ़ाती है।

विद्यार्थियों के स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने NIT रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों और धातुओं में खराबी की पहचान तथा हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।

युवाओं से बोले CM- रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए। जब कोई युवा अपना उद्यम स्थापित करता है, तो वह केवल अपना भविष्य नहीं संवारता, बल्कि कई परिवारों की आजीविका और समृद्धि का आधार भी बनता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल से समाज के लिए उपयोगी समाधान तैयार करना भी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शेयर करें

संबंधित खबरें

51
पेज 7 / 9