सोमवार, 9 नवम्बर 2026 |
Advertisement

गोवर्धन पूजा पर क्यों होती है भगवान श्रीकृष्ण की पूजा? जानें पौराणिक कथा और 2026 का शुभ मुहूर्त

ABB News Live

1 hour ago 7 views
गोवर्धन पूजा पर क्यों होती है भगवान श्रीकृष्ण की पूजा? जानें पौराणिक कथा और 2026 का शुभ मुहूर्त

हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। दीपावली के अगले दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौमाता की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में खुशहाली बनी रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना क्यों की जाती है? इसके पीछे द्वापर युग की एक रोचक पौराणिक कथा जुड़ी हुई है।

इंद्रदेव का घमंड तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने रची लीला

पौराणिक कथा के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना से वर्षा के देवता इंद्र की पूजा करते थे। एक बार जब सभी लोग इंद्र पूजा की तैयारी कर रहे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने नंद बाबा से पूछा कि वे इंद्रदेव की पूजा क्यों करते हैं।

नंद बाबा ने इसकी वजह बताई, तो श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को समझाया कि उन्हें इंद्र के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि गोवर्धन पर्वत उनके पशुओं को चारा और जीवनयापन के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराता है। भगवान की बात मानकर सभी ब्रजवासियों ने इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कर दी।

यह देखकर देवराज इंद्र क्रोधित हो गए। उन्होंने इसे अपना अपमान समझा और ब्रजमंडल में मूसलाधार बारिश और भयंकर तूफान ला दिया। लगातार बारिश से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ब्रजवासी परेशान हो उठे।

छोटी उंगली पर उठा लिया विशाल गोवर्धन पर्वत

ब्रजवासियों को संकट में देखकर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठा लिया। इसके बाद सभी ब्रजवासी अपने पशुओं के साथ पर्वत के नीचे आकर सुरक्षित हो गए। लगातार सात दिनों तक इंद्रदेव बारिश करते रहे, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण की लीला के सामने उनका प्रयास सफल नहीं हुआ।

आखिरकार इंद्रदेव को अपनी गलती और अहंकार का एहसास हुआ। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। मान्यता है कि इसी घटना की याद में गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की विशेष पूजा की जाती है।

गोवर्धन पूजा 2026 की तारीख और शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे होगा। उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा का पर्व 10 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा।

- गोवर्धन पूजा प्रातःकाल मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक

- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:00 बजे से 5:51 बजे तक

- विजय मुहूर्त: दोपहर 2:06 बजे से 2:50 बजे तक

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

28
पेज 1 / 5