
-
_सेहत से समृद्धि तक सेमिनार का आयोजन आज।_
पत्रकारों के लिए मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “सेहत से समृद्धि तक” विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन आज किया जा रहा है।
कार्यक्रम की संचालक मेघा तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पत्रकारिता एक ऐसा पेशा है, जिसमें फील्ड में जाकर विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। लगातार भागदौड़, अनियमित दिनचर्या और मानसिक दबाव के बीच पत्रकार न केवल समाज को सशक्त बनाते हैं, बल्कि स्वयं भी अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं।
इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस विशेष सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उन पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हैं और अनुशासित जीवनशैली अपनाते हैं।
सेमिनार के दौरान अनुभवी पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद वे स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से कैसे फिट रखते हैं। साथ ही, स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा फिटनेस, संतुलित आहार एवं तनाव प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाएंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उनके योगदान का सम्मान करना तथा “स्वस्थ पत्रकार – सशक्त समाज” की अवधारणा को बढ़ावा देना है।
यह कार्यक्रम आदित्य होटल, जय स्तंभ चौक में आज, 6 अप्रैल को सायं 4 बजे से आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी उपस्थित रहेंगे।





